उजियारा अभियान: पुलिस को मिली बड़ी सफलता, UP के दो अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार
नरहरपुर/कांकेर: जिला पुलिस द्वारा नशा मुक्ति के लिए संचालित "उजियारा अभियान" के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाहियों में से एक को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने न केवल भारी मात्रा में गांजा जब्त किया, बल्कि फरार आरोपियों को उत्तर प्रदेश के बदायूं से ढूंढ निकाला है।
दुर्घटना के बाद भागे थे तस्कर
घटनाक्रम के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को थाना नरहरपुर को सूचना मिली थी कि एक क्रेटा वाहन में गांजे की तस्करी की जा रही है। पुलिस टीम ने जब घेराबंदी की, तो पकड़े जाने के डर से वाहन चालक ने तेजी से भागने का प्रयास किया। इस दौरान ग्राम डिब्बीपानी के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया और आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 03 बोरियों में कुल 67.380 किलोग्राम गांजा मिला, जिसे जब्त कर अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत NDPS Act और BNS की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
बदायूं (UP) में दी दबिश
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। आरोपियों की लोकेशन उत्तर प्रदेश के बदायूं में मिलने पर पुलिस की एक विशेष टीम वहां भेजी गई। घेराबंदी कर पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
-
संजीव कुमार (30 वर्ष): निवासी बदायूं, उत्तर प्रदेश।
-
अभिषेक साहू (32 वर्ष): निवासी बदायूं, उत्तर प्रदेश।
जब्ती का विवरण (कुल मशरूका)
पुलिस ने आरोपियों के पास से तस्करी में प्रयुक्त महंगी कार और भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया है:
-
अवैध गांजा: 67.380 किग्रा (कीमत लगभग ₹33,69,000)
-
वाहन: हुंडई क्रेटा (कीमत लगभग ₹10,00,000)
-
फर्जी नंबर प्लेट: 02 अतिरिक्त नंबर प्लेट (UP14 DL 4480)
-
कुल अनुमानित कीमत: ₹43,69,000
जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से मिली अतिरिक्त नंबर प्लेटों से स्पष्ट होता है कि वे पुलिस को चकमा देने के लिए हर राज्य में प्लेट बदलने की योजना रखते थे। आरोपियों को स्थानीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। जिला पुलिस की इस सफलता ने अंतरराज्यीय नशा तस्करों के नेटवर्क पर करारी चोट की है।
मयंक श्रीवास्तव
चीफ एडिटर/नारद एक्स्प्रेस न्यूज