फर्जी पुलिसकर्मी बनकर महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग करने वाला सुरक्षाकर्मी गिरफ्तार

फर्जी पुलिसकर्मी बनकर महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग करने वाला सुरक्षाकर्मी गिरफ्तार

रायगढ़ : रायगढ़ की चक्रधरनगर पुलिस ने "अभियान संवेदना" के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए बिलासपुर निवासी आरोपी अक्षय कुमार कुम्हरानी (31 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर और अपनी सिक्योरिटी गार्ड वाली वर्दी की तस्वीरें दिखाकर एक 40 वर्षीय महिला का विश्वास जीता था। इसके बाद उसने शादी का झांसा देकर महिला से शारीरिक संबंध बनाए और बिना उसकी जानकारी के अंतरंग फोटो व वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।

पीड़िता जब अपनी मां के इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल गई थी, तब भी आरोपी ने वहां पहुंचकर उसे ब्लैकमेल किया। बाद में आरोपी ने इन अश्लील फोटो-वीडियो को इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अपलोड कर दिया और जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस (BNS) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में चक्रधरनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को रायगढ़ से गिरफ्तार किया और उसके पास से वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया। इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक एन. बालचंद राव, जेनिपा पन्ना, आरक्षक विक्रम सिंह तथा साइबर सेल के आरक्षक पुष्पेन्द्र जाटवर एवं मनोज पटनायक की मुख्य भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश:

"सोशल मीडिया और झूठी पहचान के झांसे में आने से बचें। महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ और सोशल मीडिया पर ब्लैकमेलिंग करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।"

चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव 

नारद एक्सप्रेस न्यूज